कासगंज। जिले को बाल विवाह से पूरी तरह मुक्त करने का लक्ष्य लेकर काशी समाज शिक्षा विकास संस्थान ने बड़ी पहल शुरू की है। भारत सरकार की ओर से जारी 100 दिवसीय विशेष कार्य योजना से प्रेरित होकर संगठन ने सरकारी विभागों, कानून लागू कराने वाली एजेंसियों और समुदाय के साथ मिलकर एक वर्ष के भीतर कासगंज को बाल विवाह मुक्त जिले के रूप में स्थापित करने का संकल्प लिया।
प्रोग्राम मैनेजर सुग्रीव सिंह ने बताया स्कूलों, कॉलेजों, धार्मिक स्थलों, विवाह से जुड़े सेवा प्रदाताओं, पंचायत और नगरपालिका वार्डों पर विशेष फोकस किया जाएगा ताकि इस सामाजिक अपराध का जड़ से उन्मूलन किया जा सके। उन्होंने बताया कि लाेगों को जागरूक करने के लिए जनसंवाद, पोस्टर प्रदर्शनी, निबंध प्रतियोगिता, शिविर और बाल विवाह रोकथाम की सार्वजनिक शपथ आदि कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विशेष अभियान तीन चरणों में संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पहला चरण 31 दिसंबर तक चलेगा। इसमें स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। दूसरा चरण में 31 जनवरी तक मंदिर, मस्जिद, चर्च, गुरुद्वारे तथा विवाह स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। तीसरे चरण में 8 मार्च तक पंचायतों, नगरपालिका वार्डों और सामुदायिक स्तर की जागरूकता व रोकथाम गतिविधियां आयोजित होंगी।