फोटो36कासगंज में रोडवेज बस स्टैंड पर खड़ी बसें। संवाद
कासगंज। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने मंगलवार की देर रात अलग-अलग मार्ग पर चलने वाली बसों का निरीक्षण किया। आकस्मिक निरीक्षण में छह बस चालक-परिचालकों की मनमानी पकड़ी गई। दिल्ली से आने वाली बसें सिकंदराराव कस्बा में न आकर बाईपास मार्ग से होकर कासगंज आ रही थीं। उन्होंने संबंधित चालक परिचालकों के वेतन काटने की संस्तुति की है।
एआरएम ओमप्रकाश ने बताया कि कई दिनों से शिकायतें मिल रही थीं कि देर शाम और रात के समय दिल्ली की ओर से आने-जाने वाली बसें सिकंदराराव कस्बे में प्रवेश ही नहीं कर रहीं। ये बसे सीधे बाईपास मार्ग से होकर गुजर जाती हैं। इससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बसों के कस्बा में न पहुंचने की शिकायत, यात्रियों ने परिवहन निगम के अधिकारियों से की। इसके बाद मंगलवार की मध्य रात्रि टीम गठित कर औचक निरीक्षण किया गया। जांच में छह चालक बाईपास से ही बसें मोड़ते हुए पकड़े गए। एआरएम ओमप्रकाश ने बताया कि दिल्ली से कासगंज की ओर आने-जाने वाली बसों का मंगलवार रात निरीक्षण किया गया। इस दौरान चालक सुग्रीव,अरुण कुमार, मिथलेश, श्यामवीर, सत्य कुमार, राजबहादुर और परिचालक सचिन, दुर्बेश कुमार, अजय भारती, अनिल कुमार, नरेश चंद्र और उमेश चंद्र सिकंदराराव कस्बा में न ले जाकर सीधे बाईपास मार्ग से होकर बस लेकर जा रहे थे। इनका एक वेतन काटने की संस्तुति की गई है। संवाद