फोटो22कासगंज में एक खेत में तैयार सरसों की फसल ।संवाद
कासगंज। मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने लगा है। लगातार दूसरे दिन धूप निकलने से पारे में सुधार आया। इससे जनजीवन पटरी पर लौटने लगा है। मौसम के बदले रुख को विशेषज्ञ फसलों के लिए लाभदायक मान रहे हैं। इससे किसान खुश हैं।
सुबह के समय जहां ठंडी हवाओं ने सर्दी का अहसास कराया। इस दौरान न्यूनतम पारा एक डिग्री गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं धूप निकलने के साथ ही लोगों ने राहत की सांस ली। दोपहर तक धूप तेज हो गई, जिससे सर्दी की तीव्रता में कमी आई, हालांकि शीतल हवाओं का असर बना हुआ है।
धूप खिलने से बच्चों और बुजुर्गों के लिए घर से बाहर निकलना आसान हो गया है, और बाजारों में भी हल्की चहल-पहल बढ़ी है। शाम होते ही पारा फिर से गिरने लगता है, जिससे गलन का अहसास होने लगता है। बदलते मौसम से किसान खुश है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि धूप निकलने से गेहूं और सरसों की फसल को फायदा होगा।