कासगंज। बिजली व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए विद्युत निगम ने कदम उठाया है। गांवों में लंबे समय से बिजली से वंचित घरों तक आपूर्ति पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत जिले के 270 गांवों का प्रस्ताव तैयार कर शासन में भेजा गया है।
जिले की आबादी करीब 17 लाख से अधिक है। विद्युत आपूर्ति के लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में 110 विद्युत उपकेंद्र बनाए गए हैं। जिले के ऐसे 270 गांव जिनमें आबादी का विस्तार हुआ है। इन गांवों में ऐसे कई घर चिह्नित किए गए हैं, जहां अब तक बिजली कनेक्शन नहीं पहुंच पाया है। विद्युत निगम ने इन सभी घरों को योजना में शामिल करते हुए पोल लगाने और केबल बिछाने के लिए विकास की रूपरेखा बनाई है। इससे यहां घरेलू जीवन आसान होगा और शिक्षा, छोटे उद्योग और कृषि कार्यों को भी बढ़ावा मिलेगा। अधीक्षण अभियंता एनके प्रसाद ने बताया कि 270 गांव में छूटे हुए घरों तक बिजली पहुंचाने के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा है। शासन से प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।