कासगंज। जिले में विद्युत चोरी के मामलों में 2,784 उपभोक्ताओं पर 5.15 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि लंबे समय से बकाया है। इस लंबित राजस्व की वसूली के लिए विद्युत निगम ने सख्ती दिखाते हुए संबंधित बकायेदारों को नोटिस जारी कर दिए हैं।
निर्धारित समयसीमा के भीतर भुगतान न करने पर आरसी जारी कर कड़ी कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। जिले में कुल उपभोक्ताओं की संख्या करीब 2.25 लाख है। बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए निगम लगातार अभियान चलाता है।
जांच के दौरान चोरी पकड़े जाने पर प्राथमिकी दर्ज करने के साथ ही चोरी की गई बिजली का आकलन कर बिल तय किया जाता है। उपभोक्ताओं से समय रहते बकाया राशि जमा करने की अपील की है।
वर्जन
वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 2,784 बकायेदारों को नोटिस भेजकर 5.15 करोड़ की राशि जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। - राहुल वर्नवाल, अधिशासी अभियंता शहरी
-
तीन साल नौ माह में बिजली चोरी की 5,857 प्राथमिकी
कासगंज। जिले में वर्ष 2023 से 24 सितंबर 2026 तक बिजली चोरी के कुल 5,857 मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एंटी पावर थेफ्ट पुलिस के अनुसार, वर्ष 2023 में 1,870, वर्ष 2024 में 2,014 तथा वर्ष 2025 में 1,078 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गईं। वहीं वर्ष 2026 में एक जनवरी से 24 सितंबर तक 895 आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। अधिशासी अभियंता शहरी राहुल वर्नवाल ने बताया कि बिजली चोरी रोकने के लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाया जाता है। छापेमारी और मीटर निरीक्षण के माध्यम से बिजली चोरी पर अंकुश लगाने का प्रयास जाते हैं। लोगों से वैध कनेक्शन का उपयोग करने और बिजली चोरी से बचने की अपील की जाती है। संवाद