फोटो45 शिकायतकर्ता रूपकिशोर। संवाद
कासगंज। शहर में बैंक से इलाज व प्लॉट निर्माण के लिए निकाले गए दो लाख रुपये स्कूटी की डिग्गी से चोरी होने के मामले में चार माह बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। पीड़ित ने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर मामले का खुलासा कर चोरी की रकम बरामद कराने की मांग की है।
श्री गणेश कालोनी निवासी रूपकिशोर पुत्र विद्याराम की ओर से मुख्यमंत्री को भेजे प्रार्थना पत्र में बताया कि वह अस्वस्थ हैं और लकवा से पीड़ित हैं। उन्होंने अपने इलाज व मकान निर्माण के लिए 4 अप्रैल 2026 को शाम करीब 4:10 बजे एसबीआई बैंक नगर पालिका शाखा से डेढ़ लाख रुपये निकाले थे और 50 हजार रुपये उनके पास पहले से थे। इसके बाद वह रुपये स्कूटी की डिग्गी में रखकर राजकोल्ड स्टोर के सामने स्थित श्री गणेश कालोनी में अपने निर्माणाधीन प्लॉट पर पहुंचे।
उनका आरोप है कि दो अज्ञात युवक बैंक से ही उनका पीछा करते हुए अए। आरोपी सीसी टीवी फुटेज में दिखाई दे रहे हैं। शाम करीब 4:35 बजे दोनों युवकों ने निर्माणाधीन प्लॉट पर खड़ी स्कूटी की डिग्गी का ताला तोड़कर उसमें रखे दो लाख रुपये चोरी कर लिए। सीसीटीवी कैमरे में आरोपियों के चेहरे भी स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं।
उन्होंने घटना के बाद पुलिस को सूचना देकर प्राथमिकी दर्ज कराई। उनका कहना है कि पुलिस अधीक्षक व सदर सीओ को घटना के खुलासे के लिए प्रार्थना पत्र दिए गएस, लेकिन घटना के चार माह बीत जाने के बाद भी पुलिस चोरी की रकम बरामद नहीं कर सकी है और न ही आरोपियों का पता कर पाई है। उन्होंने मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर चोरी हुए दो लाख रुपये बरामद कराने की मांग की है।
फोटो45 शिकायतकर्ता रूपकिशोर। संवाद