पुलिस ने गिरफ्तार किए दो आरोपी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
कासगंज के सोरोंजी थाना पुलिस ने मेले और बाजार में नकली भारतीय मुद्रा खपाने आए दो शातिरों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 500-500 रुपये के कुल 200 नकली नोट, दो बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिलें और दो मोबाइल फोन बरामद किए। दोनों आरोपियों पर अलीगढ़, संभल, बदायूं समेत अन्य जिलों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
सोरोंजी थाने के उपनिरीक्षक सुमित त्रिपाठी पुलिस बल के साथ बृहस्पतिवार देर रात गश्त पर थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि सोरोंजी मेला ग्राउंड एंट्री पॉइंट तिराहे के पास दो व्यक्ति नकली नोट लेकर उन्हें मेले में चलाने की फिराक में हैं। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर आरोपी राजू निवासी सिकंदराबाद जिला बदायूं के पास से 50 हजार रुपये (500-500 के 100 नोट) और आरोपी गोविंद निवासी भगवंतपुर जिला कासगंज के पास से भी 50 हजार रुपये के नकली नोट बरामद हुए।
जांच के दौरान बरामद सभी 200 नोटों पर केवल तीन सीरियल नंबर (8LW 930511, 3GF 258954 और 4DH 874624) ही बार-बार छपे पाए गए, साथ ही सुरक्षा धागा और छपाई की गुणवत्ता भी नकली पाई गई। आरोपियों के पास मौजूद दो मोटरसाइकिलों पर नंबर प्लेट नहीं थी और एक पर पुलिस लिखा था। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मेले की भीड़भाड़ का फायदा उठाकर नकली नोट खपाने आए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।