कासगंज। गंजडुंडवारा थाना क्षेत्र के एक गांव में हत्या के बाद चार साल की बच्ची का शव खेत में फेंकने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस ने मामले में बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल में तीन संदिग्धों के डीएनए सैंपल करवाए। इन्हें जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। पुलिस मौत की असल वजह जानने के लिए एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
गंजडुंडवारा के एक गांव में रहने वाला युवक फरीदाबाद (हरियाणा) की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। वह शनिवार को परिवार के एक बीमार व्यक्ति का हालचाल जानने के लिए परिवार सहित गांव आए थे। उसी दिन शाम करीब पांच बजे उनकी चार वर्षीय बेटी घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गई थी।
बालिका के लापता होने की सूचना मिलने पर एसपी ओपी सिंह, एएसपी सुशील कुमार, सीओ पटियाली अमित कुमार ने कई टीमों के साथ बालिका की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया था। सोमवार को डॉग स्क्वॉड टीम को भी मौके पर बुलाया गया था। 48 घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन में पुलिस ने गांव, खेत, बाग और आसपास के इलाकों का चप्पा-चप्पा छान मारा, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं लगा। मंगलवार को बच्ची का शव गांव से महज 250 मीटर की दूरी पर मक्का के खेत में मिला था। जिस क्षेत्र में लगातार पुलिस की टीमें खोजबीन कर रही थीं, वहीं खेत में बच्ची का शव बरामद हुआ था। एसपी ओपी सिंह के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची की मौत अत्याधिक रक्तस्राव के कारण होना पाया गया। रक्तस्राव किस अंग से हुआ है यह रिपोर्ट में स्पष्ट नहीं हो सका। कई सैंपल लेकर जांच के लिए एफएसएल लैब भेजे गए हैं।
पुलिस चार साल की बच्ची की हत्या के संवेदनशील मामले में बेहद फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। ताकि आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य जुटा सके। इसी क्रम में पुलिस ने बृहस्पतिवार को तीन संदिग्ध लोगों के जिला अस्पताल में डीएनए सैंपल करवाए हैं। इसके अलावा पुलिस एफएसएल लैब से रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है, ताकि मौत की वजह और भी स्पष्ट हो सके। इसके आधार पर पुलिस को आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने में आसानी होगी।
-
संदिग्धों से पूछताछ जारी
कासगंज। पुलिस इस मामले में गांव के कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। एसओजी, सर्विलांस सेल, डॉग स्क्वायड सहित अन्य टीमें मासूम की हत्या के खुलासे में लगी हुई हैं। सुरक्षा के लिहाज से गांव में पुलिस फोर्स तैनात है। वहीं ग्रामीण मासूम की हत्या के मामले में अलग-अलग कयास लगा रहे हैं।
हत्या में तरमीम हुई प्राथमिकी
कासगंज। पुलिस ने बच्ची के लापता होने पर परिजन की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की थी। हत्या के बाद बच्ची का शव खेत में मिलने पर परिजन ने पूर्व प्रधान पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। इस पर पुलिस ने प्राथमिकी में हत्या की धारा बढ़ा दी है। संवाद
वर्जन
बच्ची की हत्या के मामले का खुलासा करने के लिए पुलिस की कई टीमें लगी हुई हैं। पूछताछ जारी है। तीन संदिग्धों का डीएनए सैंपल कराया गया है। इसे जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। -ओपी सिंह, एसपी