पटियाली। होली पर्व से पहले पुलिस और प्रशासन की टीम ने शनिवार को अवैध शराब के कारोबार पर भारी पुलिस बल के साथ छापामार कार्रवाई की। टीम ने जमीन के अंदर बनीं भट्ठियों और छिपाकर रखे गए करीब दो हजार लीटर लहन को मौके पर ही नष्ट करा दिया।
उपजिलाधिकारी न्यायिक आतीश कुमार सिंह और सीओ संदीप वर्मा के नेतृत्व में शनिवार को टीम ने मोहल्ला चौक और गांव नगला हीरा में दबिश दी। अचानक हुई इस घेराबंदी को देखकर अवैध शराब का धंधा करने वाले माफिया मौके से भाग निकले। कार्रवाई के दौरान पता चला कि अवैध शराब माफिया ने जमीन खोदकर उसके अंदर भट्ठियों स्थापित कर रखी थीं। टीम ने इन भट्ठियों को पूरी तरह तोड़कर नष्ट कर दिया। इसके अलावा दो हजार लीटर लहन को बहा दिया। मौके से टीम ने सौ लीटर से अधिक तैयार अवैध शराब भी बरामद की।
सीओ संदीप वर्मा ने बताया कि होली के त्योहार पर किसी भी हाल में अवैध शराब की बिक्री नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि लहन नष्ट करने के साथ-साथ भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। ताकि दोबारा शराब न बनाई जा सके। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
इस दौरान तहसीलदार राम नयन सिंह, नायब तहसीलदार मुकेश कुमार, आबकारी निरीक्षक और क्राइम प्रभारी निरीक्षक गुलाब सिंह समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा।