कासगंज। ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को निखारने के लिए विधायक खेल स्पर्धा का आयोजन चल रहा है। इसके तहत अमांपुर विधानसभा क्षेत्र की खेल प्रतियोगिता 29 नवंबर को आयोजित होगी। खिलाड़ी आठ विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। विजेता खिलाड़ियों को राज्य स्तर तक खेलने का मौका मिलेगा।
क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी सौरभ सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश ग्रामीण खेल लीग के तहत एथेलेटिक्स, कबड्डी, वालीबॉल, फुटबाल, भारोत्तोलन, जूडो, बैडमिंटन प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। सब जूनियर, जूनियर, सीनियर वर्ग में बालक एवं बालिकाएं खेल प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकेंगी। अमांपुर विधानसभा की खेल स्पर्धा पार्वती राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में आयोजित की जाएगी। इस स्पर्धा में विजेता खिलाड़ियों को मेडल, ट्राफी, प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। विजेता खिलाड़ी जोन स्तर पर सहभागिता करेंगे। इसके बाद खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर खेलने का मौका मिलेगा।