फोटो37सोरोंजी के स्पोर्ट्स स्टेडियम में ओलंपिक खेल विजेता खिलाड़ी पदक के साथ। स्रोत:आयोजक
कासगंज। जिला ओलंपिक खेलोत्सव-2025 के धुरंधर बृहस्पतिवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में मेडल से नवाजे गए। जिला ओलंपिक एसोसिएशन की ओर से समापन के मौके पर 600 खिलाड़ियों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक देकर सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने वाले 50 से अधिक खिलाड़ियों और 40 प्रशिक्षकों और निर्णायकों को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी दिग्विजय सिंह ने कहा कि जिले के खिलाड़ियों ने ओलंपिक खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। यह जिले के लिए गर्व की बात है कि हमारे युवा न केवल राज्य, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मना रहे हैं। जिला ओलंपिक संघ की अध्यक्ष ने कहा कि जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, इससे यह साबित होता है कि यहां की प्रतिभाएं किसी भी बड़े मंच पर मुकाबला करने की क्षमता रखती हैं।सचिव डॉ. प्रवीण सिंह जादौन, सचिव ने खेलों की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि अमेरिकन फुटबॉल में मीनू धनगर और मोहितांश राजपूत ने भारत का प्रतिनिधित्व किया, जबकि आर्म रेसलिंग में काव्य चौहान और प्रशांत कुमार ने एशियाई चैंपियनशिप में रजत पदक, और प्रक्ष सिंह जादौन ने कांस्य पदक जीता। उन्होंने बताया कि ओलंपिक खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को कुल लगभग 290 स्वर्ण, 190 रजत एवं 120 कांस्य पदकों से सम्मानित किया गया।इस अवसर पर एथलेटिक्स समन्वयक नरेंद्र कुमार, आर्म रेसलिंग के जंगबहादुर, बैडमिंटन, चेस एवं टेबल टेनिस की भावना टिमल, टेनिस बॉल क्रिकेट के राज कुमार, जूडो के पंकज, कबड्डी के जितेंद्र एवं अमित पुंडीर, खो-खो के अमित पुंडीर, पावर लिफ्टिंग के सौरभ यादव, टग ऑफ वार के दक्ष यादव सन्नी, वालीबॉल के अभिषेक एवं आशुतोष तथा कुश्ती के बृजेश यादव को भी सम्मानित किया गया।