फोटो15सिढ़पुरा में आयोजित ओटीएस शिविर में बिल जमा करते उपभोक्ता। संवाद
सिढ़पुरा। सिढ़पुरा विद्युत उपकेंद्र पर सोमवार को अवर अभियंता डीके मिश्रा के नेतृत्व में ओटीएस योजना के तहत विशेष समाधान कैंप का आयोजन किया गया। कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की परवाह किए बिना उपभोक्ता अपनी समस्याओं के निस्तारण के लिए उपकेंद्र पहुंचे।
कैंप के दौरान उपभोक्ताओं ने अपने बकाया बिजली बिलों और अन्य विभागीय प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कराया। अवर अभियंता ने न केवल उपभोक्ताओं को योजना की बारीकियों से अवगत कराया, बल्कि प्राप्त आवेदनों पर तुरंत कार्यवाही करते हुए उन्हें तत्काल राहत प्रदान की।
उपभोक्ताओं के लिए यह योजना किसी वरदान से कम साबित नहीं हो रही है। योजना के तहत बकाया बिजली बिलों पर 100 प्रतिशत ब्याज माफी और मूलधन पर 25 प्रतिशत तक की भारी छूट दी जा रही है। इसके अलावा जो उपभोक्ता नियमित बिल नहीं भर पा रहे थे, उन्हें 500 रुपये से 750 रुपये तक की आसान किस्तों में भुगतान करने का विकल्प भी दिया गया है। वहीं, बिजली चोरी के मामलों में जुर्माने की राशि पर भी 50 प्रतिशत तक की छूट का प्रावधान किया गया है।
अवर अभियंता ने जानकारी दी कि यह योजना आगामी तीन महीनों तक तीन अलग-अलग चरणों में संचालित की जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे नजदीकी विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचकर इन विशेष कैंपों का लाभ उठाएं। इस अवसर पर विभागीय टीम से विशाल बाबू, मुनेन्द्र, वियोम, रामगोपाल और लाइनमैन विमल मिश्रा सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।