फोटो 02 अमांपुर में बाजरा लेकर पहुंचे किसान को मिठाई खिलाते डीआएएमओ। विभाग
कासगंज। जिले में बाजरा खरीद व्यवस्था की जांच के लिए किए गए क्रय केंद्रों के औचक निरीक्षण में श्रमिकों की ऑनलाइन फीडिंग नहीं होने से खरीद प्रभावित होने का मामला सामने आया। मंडी में बाजरा की आवक शुरू होने के बावजूद क्रय केंद्रों पर खरीद शून्य मिली। इस पर डीआरएमओ अरुण कुमार त्रिपाठी ने संबंधित ठेकेदारों को तत्काल औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए जिससे किसानों की उपज की सरकारी खरीद शुरू हो सके।मंडी समिति द्वितीय स्थित बाजरा-धान क्रय केंद्र के निरीक्षण के दौरान प्रभारी प्रमोद कुमार, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी उपस्थित मिले। केंद्र पर आवश्यक उपकरण और अभिलेख उपलब्ध थे। हैंडलिंग और परिवहन के लिए ठेकेदारों की नियुक्ति भी हो चुकी थी, लेकिन हैंडलिंग ठेकेदार की ओर से पोर्टल पर श्रमिकों का विवरण दर्ज नहीं किए जाने के कारण खरीद प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी थी। केंद्र पर हैंडलिंग का ठेका एटा के विशेश्वर सिंह और परिवहन का ठेका एटा के रवींद्र सिंह को दिया गया है। वहीं, एक अन्य क्रय केंद्र पर हैंडलिंग की जिम्मेदारी हाथरस के कुलदीप सिंह तथा परिवहन का कार्य एटा के रवींद्र सिंह को सौंपा गया है।निरीक्षण के बाद डीआरएमओ ने संबंधित विभागीय कार्यालय से संपर्क कर ठेकेदारों को लंबित प्रक्रिया तत्काल पूरी करने के निर्देश दिलाए। क्रय केंद्र प्रभारियों से कहा गया कि औपचारिकताएं पूरी होते ही खरीद शुरू कर केंद्रों को सक्रिय करें। किसी तरह की बाधा आने पर तत्काल सूचना देने के निर्देश भी दिए गए, जिससे खरीद प्रक्रिया में देरी न हो और किसानों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
अमांपुर क्रय केंद्र पर शुरू हुई बाजरा खरीद
कासगंज। अमांपुर स्थित बाजरा क्रय केंद्र पर औचक निरीक्षण के दौरान किसान हीरालाल निवासी शहाना सुनहुर्का का बाजरा तौल के लिए पहुंचने पर खरीद शुरू कराई गई। किसान का सम्मान भी किया गया। निरीक्षण के दौरान केंद्र प्रभारी कृष्ण मुरारी उपस्थित मिले। केंद्र पर बैनर, आवश्यक उपकरण और अभिलेख उपलब्ध पाए गए। बाजरा की हैंडलिंग और परिवहन के लिए ठेकेदार भी नियुक्त हैं। निरीक्षण के बाद केंद्र प्रभारी को किसानों से संपर्क कर पंजीकरण बढ़ाने और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि अधिक से अधिक किसानों को सरकारी क्रय केंद्र का लाभ मिल सके। संवाद
वर्जन
किसानों की उपज की सरकारी खरीद विधिवत शुरू हो सके इसके लिए संबंधित ठेकेदारों को तत्काल औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं-अरुण कुमार त्रिपाठी, डीआरएमओ