कासगंज। सोरोंजी विकास खंड की ग्राम पंचायत तोलकपुर में अंत्येष्टि स्थल का निर्माण अभी तक शुरू नहीं हो सका है, लेकिन प्रधान व सचिव ने फर्म के खाते में सात लाख रुपये से अधिक का भुगतान कर दिया। मामला संज्ञान में आने पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने प्रधान व सचिव को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
जिले की कुल 10 ग्राम पंचायतों में अंत्येष्टि स्थलों का निर्माण कराया जाना है। इनमें से 9 ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। प्रत्येक अंत्येष्टि स्थल के निर्माण पर 24 लाख रुपये खर्च किए जाने हैं। पंचायती राज विभाग की ओर से चयनित ग्राम पंचायतों के खातों में प्रथम किस्त के रूप में 18 लाख रुपये की धनराशि भेजी गई थी।
ग्राम पंचायत तोलकपुर में भूमि विवाद के कारण अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। आरोप है कि निर्माण कार्य शुरू होने से पहले ही प्रधान व सचिव ने मनमाने ढंग से ग्राम पंचायत के खाते से लगभग 7.50 लाख रुपये का भुगतान फर्म के खाते में कर दिया। तीन माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अंत्येष्टि स्थल का निर्माण अधर में लटका हुआ है।
गांव में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर चर्चाएं तेज हो रही हैं। ऐसे में निर्माण कार्य शुरू न होने से ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत तोलकपुर में अंत्येष्टि स्थल का निर्माण प्रस्तावित है। निर्माण कार्य शुरू होने से पहले फर्म को किए गए भुगतान के मामले में प्रधान व सचिव को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।