गंजडुंडवारा । गणेशपुर गांव में शनिवार सुबह हुई सिढ़पुरा की महिला शिवली (30) की हत्या के मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। मृतका के भाई ने गणेशपुर के ही रहने वाले परवेज कुरैशी पर शादी का झांसा देकर लिव-इन रिलेशनशिप में रहने और हत्या करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में पीड़ित पक्ष ने पुलिस को नामजद तहरीर दी है।
मृतका के भाई शमशाद (निवासी मोहल्ला कायस्थान, सिढ़पुरा) ने बताया कि उनकी छोटी बहन शिवली की शादी बदायूं जिले के थाना बिल्सी क्षेत्र के भैंसा गोसाई निवासी जीशान के साथ हुई थी। कुछ समय बाद जीशान ने दूसरी शादी कर ली, जिसके चलते दोनों में विवाद हो गया और शिवली अपनी 10 वर्षीय बेटी अनमोल को लेकर मायके आ गई। इसके बाद वह गंजडुंडवारा के गणेशपुर में किराए का मकान लेकर रहने लगी।भाई का आरोप है कि इसी दौरान शिवली के संबंध वहीं के निवासी परवेज कुरैशी से हो गए। परवेज उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ लिव-इन में रहने लगा और उसका शारीरिक शोषण करता रहा। वह अक्सर सिढ़पुरा स्थित उनके घर भी आता-जाता था। शिवली की मासूम बेटी अनमोल ने मामा को बताया कि दो दिन पहले ही परवेज घर आया था और उसने मम्मी को गोली मारने की धमकी दी थी।
परिजनों का साफ तौर पर कहना है कि धमकी देने के बाद परवेज ने ही धारदार हथियार से गला रेतकर शिवली की बेरहमी से हत्या की है। भाई शमशाद की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीमें आरोपी परवेज कुरैशी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।