फोटो17मोहल्ला नवाब में दो पक्षों के विवाद के बाद तैनात पीएसी। संवाद
- फोटो : 1
कासगंज। सदर कोतवाली के मोहल्ला नवाब की जाटवान गली में पटाखे जलाने को लेकर हुए विवाद और पथराव के बाद मंगलवार को दूसरे दिन भी भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात रही। सोमवार देर शाम बच्चों के मामूली विवाद से शुरू हुआ यह मामला जातिसूचक टिप्पणी के विरोध के बाद तूल पकड़ गया था। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट और पथराव हो गया था।
घटना की शुरुआत तब हुई जब शाम को कुछ बच्चे पटाखे जला रहे थे और इसी दौरान कैफ के नाम को लेकर अरशद व अब्दुल सलाम के परिवारों में कहासुनी हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे वाल्मीकि समाज के दीपक और उनके बेटे आदर्श ने जब महिलाओं द्वारा की जा रही जातिसूचक टिप्पणी का विरोध किया तो विवाद और बढ़ गया।
आरोप है कि इसके बाद एक पक्ष ने छत से पथराव कर दिया गया जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह और सीओ सदर आंचल चौहान ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। वाल्मीकि जयंती शोभायात्रा कमेटी के अध्यक्ष रविकांत और दूसरे पक्ष के आदर्श की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
वर्जन
मामले में दोनों पक्षों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। एहतियात के तौर पर तैनात पीएसी और पुलिस की निगरानी में फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है। - जगदीश चंद्र, कोतवाली प्रभारी