फोटो37पटियाली के नगला करन में ग्रामीणों को समझाते सीएमओ डॉ.राजीव अग्रवाल व स्वाथ्य विभाग की ट
पटियाली। गांव नगला करन में खसरा के टीकाकरण को पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने टीकाकरण का पहले जमकर विरोध किया, लेकिन सूचना के बाद मौके पर पहुंचे सीएमओ ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर बच्चों का वैक्सीनेशन कराया। गांव नगला करन में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम खसरा पीड़ित समेत आसपास रहने वाले बच्चों का टीकाकरण करने पहुंची। टीम के सामने ग्रामीणों ने टीकाकरण का विरोध किया और वैक्सीनेशन कराने से मना कर दिया। इसकी जानकारी तुरंत उच्च अधिकारियों को दी गई। सूचना पर पहुंचे सीएमओ डॉ. राजीव कुमार अग्रवाल ने ग्रामीणों को काफी देर तक समझाकर टीकाकारण के फायदे बताए। कहा कि टीकाकरण स्वास्थ्य के लिए अच्छा है। इससे कोई भी नुकसान नहीं है इससे बच्चे सुरक्षित रहते हैं। इसके बाद ग्रामीण मान गए और बच्चों का वैक्सीनेशन कराने को राजी हो गए। इसके बाद सीएमओ ने गांव नगला कुडर सहित अन्य गांवों में भी पहुंचकर मीजल्स व रूबेला एमआर अभियान के तहत कैंपों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम के साथ ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर घर-घर जाकर स्थिति का निरीक्षण किया और सर्वे कराया। इस मौके पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह, चिकित्साधीक्षक डॉ. शिवाश्री तिवारी, स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं डब्ल्यूएचओ की टीम भी मौके पर मौजूद रही। सीएमओ ने बताया कि गांव में खसरा पीड़ित बच्चे चिहिंत हुए हैं। इसलिए टीम गांव में टीकाकरण के लिए भेजी गई थी। टीकाकरण का विरोध कर रहे ग्रामीणों को समझाया गया। इसके बाद गांव में टीकाकरण कराया गया है।