फोटो19सोरोंजी मेला ग्राउंड में साइबर थाना निर्माण कार्य करते मजदूर। संवाद
सोरोंजी। तीर्थनगरी के मेला मैदान में पुलिस विभाग द्वारा साइबर थाना भवन का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। पालिका अध्यक्ष और सभासदों ने इसका कड़ा विरोध किया है। इस संंबंध में नगर पालिका अध्यक्ष ने डीएम को पत्र लिखकर भवन को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने की मांग उठाई है। मेला मैदान में नगर पालिका द्वारा दिसंबर माह में मेला मार्गशीर्ष का आयोजन कराया जाता है। जिस स्थान पर साइबर थाना भवन का निर्माण हो रहा है उस स्थान पर मेले के दौरान सर्कस सहित विभिन्न सरकारी विभागों के कैंप लगते हैं जिससे पालिका को राजस्व मिलता है। थाने का निर्माण होने से पालिका की आमदनी बंद हो जाएगी। साथ ही मैदान का क्षेत्रफल भी घट जाएगा जिससे भविष्य में मेले के अस्तित्व संकट में पड़ सकता है। करीब दस वर्ष पूर्व पुलिस विभाग मेले की जगह का पुलिसकर्मियों के आवास निर्माण के लिए अधिग्रहण किया था।हालांकि नवीन पुलिस लाइन में ही पुलिस आवास बनने के बाद भी पुलिस विभाग ने इस जगह को नहीं छोड़ा। कई बार पालिका द्वारा पूर्व में इस जगह को वापस पाने की पैरवी की गई। अब पुलिस विभाग द्वारा साइबर थाना भवन का निर्माण कार्य शुरू करा दिए जाने पर नगर पालिका अध्यक्ष और सभासदों ने विरोध जताकर इस भवन को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने की मांग उठाई है। नगर पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर कहा है कि तीर्थनगरी का ऐतिहासिक पौराणिक मेला का आयोजन इस ग्राउंड में होता है, इस थाना निर्माण से ग्राउंड का क्षेत्रफल घट जाएगा। पारंपरिक मेला का आयोजन भी प्रभावित होगा। अतः पालिका की जगह वापस दिलाकर थाना भवन का निर्माण कहीं और कराया जाए। सभासद अतुल तिवारी, विजय गोस्वामी, अतुल महेरे, पवनेश सक्सेना, रिंकू पचौरी, रवि दुबे आदि ने साइबर थाना मेला मार्गशीर्ष ग्राउंड में पालिका भूमि पर निर्माण किए जाने पर विरोध व्यक्त किया है।