कासगंज। उत्तर प्रदेश शासन और पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन दहन अभियान के तहत सोमवार को 4.80 करोड़ के मादक पदार्थ नष्ट कराए गए। यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर विभिन्न थानों में दर्ज नशीले पदार्थों के 74 मामलों से संबंधित थी।
एसपी ओपी सिंह ने बताया कि कोर्ट से प्राप्त आदेशों के अनुपालन में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 74 मामलों में बरामद किए गए नशीले पदार्थों को आगरा स्थित एत्मादपुर के भस्मक प्लांट ले जाया गया। यहां अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार और कमेटी के अन्य सदस्यों की उपस्थिति में नशीले पदार्थों को वैज्ञानिक विधि से जलाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।
इन पदार्थों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 4,80,32,568 रुपये आंकी गई है। कार्रवाई से न केवल थानों के मालखानों में वर्षों से लंबित पड़े माल का निस्तारण हुआ है, बल्कि नशे के कारोबार से जुड़े अपराधियों को भी सख्त संदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार और अपराधियों के खिलाफ ऑपरेशन दहन अभियान जारी रहेगा।