कासगंज। गंजडुंडवारा क्षेत्र में एक 12वीं की छात्रा की फर्जी और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी गईं। इसके कारण पीड़िता और उसके पूरे परिवार को भारी मानसिक तनाव व सामाजिक बदनामी का सामना करना पड़ रहा है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने यूजर आईडी के खिलाफ आईटी एक्ट और बीएनएस की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। गंजडुंडवारा के एक गांव के रहने वाले पीड़ित पिता ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी 20 वर्षीय बेटी कक्षा 12 की छात्रा है। 2 सितंबर 2026 को एक फर्जी आईडी से उनकी बेटी की एआई से बनाई गईं आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए।
इसके बाद 17 सितंबर को एक अन्य फर्जी आईडी के जरिए दोबारा इसी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री वायरल की गई। पीड़ित परिवार ने इन पोस्ट्स और लिंक्स के स्क्रीनशॉट सबूत के तौर पर पुलिस को सौंपे हैं। संवाद