फोटो29पटियाली तहसील में एसडीएम से शिकायत करने पहुंचे गांव म्याऊ के ग्रामीण। संवाद
- फोटो : udhampur news
पटियाली। विकास खंड गंजडुंडवारा क्षेत्र के गांव म्याऊ के किसानों ने शनिवार को तहसील पटियाली में आयोजित होने संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर विद्युत निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। गुस्साए ग्रामीणों का आरोप था कि उन्हें गेहूं की फसल के लिए सिंचाई की जरूरत है, लेकिन विद्युत विभाग आपूर्ति नहीं दे रहा है। किसानों ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर समस्या समाधान की मांग उठाई। विद्युत विभाग के खिलाफ तहसील पर प्रदर्शन करने पहुंचे ग्रामीणों का कहना था कि उनकी इस समय गेहूं फसल खेतों में खड़ी है और सिंचाई के लिए पानी की जरूरत है, लेकिन विद्युत निगम आपूर्ति नहीं दे रहा है। इससे गेहूं की फसल को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है और फसल को नुकसान पहुंच रहा है। कुछ किसान हाथों में गेहूं की सूखी बालियां लेकर पहुंचे थे। ग्रामीणों में विद्युत निगम के प्रति काफी नाराजगी थी। गांव के अनीस ने बताया कि बीते कई दिनों से गांव की विद्युत लाइन को लाइनमैन राम सिंह ने काट दिया है। इससे गेहूं की फसल सूख रही है। संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम प्रदीप कुमार विमल को शिकायती पत्र देकर रोस्टर के अनुसार, विद्युत आपूर्ति दिए जाने एवं लाइन को जुड़वाने की मांग की। एसडीएम ने ग्रामीणों को उनकी मांग के प्रति आश्वस्त किया है। मांग करने वालों में इकरार हुसैन, नाजिम, खेतपाल, बृजपाल, रामौतार, राजा, मुनीस, जावेद हुसैन मौजूद रहे। उप खंड अधिकारी राकेश सिंह ने बताया कि किसानों को सिंचाई के लिए नियम अनुसार पूरी तरह विद्युत सप्लाई जा दी जा रही है।