गंजडुंडवारा। सावन के महीने में होने वाली कांवड़ यात्रा को देखते हुए नगर पालिका ने कादरगंज रोड स्थित तालाब के पास महीनों से जमा कूड़े को हटाने का अभियान तेज कर दिया है। बुलडोजर और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की मदद से कूड़ा डंपिंग ग्राउंड भेजा जा रहा है, ताकि कादरगंज गंगाघाट से जल लेकर आने वाले हजारों कांवड़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराया जा सके।
श्रावण मास की कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले नगर पालिका प्रशासन ने कादरगंज रोड स्थित तालाब के पास मुख्य सड़क किनारे महीनों से जमा कूड़े के पहाड़ को हटाने का अभियान तेज कर दिया है। पालिका कर्मी बुलडोजर और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की सहायता से कूड़ा उठाकर नवादा ब्लॉक क्षेत्र स्थित डंपिंग ग्राउंड में पहुंचा रहे हैं। बता दें कि कादरगंज रोड स्थित पुराने तालाब के एक ओर जहां करोड़ों रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर लंबे समय से सड़क किनारे कस्बा का कूड़ा डाले जाने से वहां कूड़े का पहाड़ खड़ा हो गया था। इससे स्थानीय लोगों को दुर्गंध, गंदगी और संक्रामक बीमारियों का खतरा बना रहता था। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक खराब हो जाती थी। यह मार्ग कादरगंज गंगाघाट से जल लेकर आने वाले शिवभक्तों का प्रमुख रास्ता है। कांवड़ यात्रा के दौरान इसी मार्ग से हजारों श्रद्धालु गुजरते हैं। इसे देखते हुए जिलाधिकारी प्रणय सिंह के निर्देश पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। अभियान की निगरानी अधिशासी अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी मोहम्मद नासिर तथा स्वच्छता प्रभारी तसलीम अहमद कर रहे हैं। अधिकारियों ने अभियान को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि यात्रा शुरू होने से पहले मार्ग पूरी तरह स्वच्छ और सुरक्षित हो सके। इसके साथ ही नगर पालिका द्वारा कस्बे के सभी प्रमुख कांवड़ मार्गों, शिवालयों और सार्वजनिक स्थलों पर भी विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। नालियों की सफाई, नियमित कूड़ा उठान, चूना एवं दवा का छिड़काव सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं कराई जा रही हैं, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
रिपोर्ट : गोपाल गुप्ता