कासगंज। ढोलना के मुख्य बाजार में मंगलवार देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया।
ढोलना थाना क्षेत्र के गांव भरसोली जंगल निवासी आलोक (27) पुत्र ग्याप्रसाद ढोलना में दुकान पर बाइक मिस्त्री का काम करता था। मंगलवार शाम वह बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहा था।
इसी दौरान मुख्य बाजार में किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर से वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया। वाहन चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया। हादसे के बाद मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
-
वर्जन
- युवक को मृत अवस्था में लाया गया था। पुलिस को मीमों भेजकर जानकारी दे दी है। -डॉ.संजीव सक्सेना ,सीएमएस जिला अस्पताल कासगंज।
रिपोर्ट:सुनील कुमार