कासगंज। गंजडुंडवारा स्थित यूबीएच एकेडमी में सोमवार को ब्लॉक स्तरीय परिषदीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास कुमार सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र कुमार अहिरवार, जिला समन्वयक सुनील यादव और जिला व्यायाम शिक्षक राजेंद्र सिंह ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
इसके बाद बच्चों ने मनमोहक सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। अतिथियों ने ध्वजारोहण कर और हरी झंडी दिखाकर 100 मीटर प्राथमिक बालिका दौड़ के साथ प्रतियोगिताओं का आगाज किया।
ट्रैक और फील्ड के मुकाबलों में बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्राथमिक बालक वर्ग की 50 व 100 मीटर दौड़ में कंचनपुर के गौरव नागर और 200 मीटर में नगला लच्छी के नितिन प्रथम रहे।
प्राथमिक बालिका वर्ग की 50 मीटर दौड़ में बहादुरनगर की सृष्टि ने बाजी मारी जबकि धनसिंहपुर की मोनिका ने 100 और 200 मीटर दौड़ जीतकर अपनी चमक बिखेरी।
जूनियर बालक वर्ग की 100 मीटर में बहादुरनगर के प्रेमचंद्र, 200 मीटर में बमनपुरा के प्रशांत और 400 मीटर दौड़ में बहादुरनगर के प्रशांत अव्वल रहे। वहीं, जूनियर बालिका वर्ग की 100, 200 और 400 मीटर दौड़ में बहादुरनगर की खुशबू ने पहला स्थान पाकर अपनी उत्कृष्टता साबित की।
शानदार प्रदर्शन के दम पर प्राथमिक बालिका वर्ग में धनसिंहपुर की मोनिका और जूनियर बालिका वर्ग में बहादुरनगर की खुशबू ने दौड़ की तीनों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल कर ब्लॉक चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंत में बीएसए, खंड शिक्षा अधिकारी और अन्य अतिथियों ने सभी विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस सफल आयोजन में ब्लॉक पीटीआई मुनेश राजपूत सहित विभिन्न शिक्षक-शिक्षिकाओं ने निर्णायक रहे।
-
कबड्डी व अन्य में ये रहे विजेता
कबड्डी के रोमांचक मुकाबलों में प्राथमिक बालक वर्ग से नागर कंचनपुर और बालिका वर्ग से धनसिंहपुर की टीम विजेता रही। जूनियर बालक वर्ग में बमनपुरा तथा बालिका वर्ग में अल्हेपुर की टीम ने जीत दर्ज की। वहीं, जूनियर बालक लंबी कूद में रसूलपुर अरोरा के वासुदेव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।