फोटो17थाना ढोलना क्षेत्र में इंटरसेप्टर बाइक से वाहनों की गति सीमा चेक करते यातायात पुलिस क
कासगंज। यातायात माह के तहत सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के लिए पुलिस ने अभियान शुरू कर दिया है। शहर के सिकंदराराऊ रोड तिराहा और गढ़ी तिराहा पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 306 वाहन चालकों के चालान काटे गए और कुल 7,23,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस दौरान दो वाहनों को भी सीज किया गया।
यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि अभियान के तहत मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर का इस्तेमाल करने वाले वाहनों समेत बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तीन सवारी, ओवरलोडिंग और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के बाद पुलिस टीम ने कासगंज-अतरौली मार्ग स्थित सोमवती इंटर कॉलेज पहुंचकर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया तथा पंफलेट वितरित किए।
-
इंटरसेप्टर बाइक से कसा शिकंजा
ढोलना और कासगंज थाना क्षेत्रों में सीओ यातायात रजनीश उपाध्याय के निर्देशन में इंटरसेप्टर मोटरसाइकिल से विशेष चेकिंग की गई। मुख्य आरक्षी मनोज कुमार और बिजेंद्र सिंह द्वारा चलाए गए इस अभियान में ओवरस्पीडिंग के 196, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 4, प्रेशर हॉर्न के 4 और प्रदूषण नियमों के उल्लंघन पर 8 चालान किए गए।