कासगंज। उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री, लक्ष्मी नारायण चौधरी ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री के तेवर काफी सख्त नजर आए।
उन्होंने अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं में किसी भी स्तर की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त न करने की कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने सभी परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने पर विशेष जोर दिया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिले में कराए जाने वाले प्रत्येक विकास कार्य में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इसके लिए उन्होंने तहसील और ब्लॉक स्तर पर नियमित निरीक्षण करने और शिकायत मिलने पर तत्काल कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में विशेष रूप से सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और राजस्व से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में मंत्री ने जिले की समस्त पेंशन योजनाओं के अंतर्गत एक विशेष अभियान चलाकर नए पात्र लाभार्थियों के आवेदन कराने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाना चाहिए। इसके अतिरिक्त, दहेज उत्पीड़न और अन्य संवेदनशील मामलों में पुलिस को पहले गहन परीक्षण जांच करने और उसके बाद ही कोई दंडात्मक कार्रवाई करने की सलाह दी गई।
समीक्षा बैठक में सदर विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत, अमांपुर विधायक हरिओम वर्मा, एमएलसी रजनीकांत माहेश्वरी, जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश कश्यप, भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा, जिलाधिकारी प्रणय सिंह, पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह, सीडीओ वीरेंद्र सिंह, एडीएम दिग्विजय प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।
नंदिनी योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर
मंत्री ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को उत्तर प्रदेश सरकार की ''नंदिनी योजना'' का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के विशेष निर्देश दिए। इस योजना के तहत, साहीवाल, गिर, थारपारकर, गंगातीरी और हरियाणा गोवंश रखने वाले गाय पालकों को सरकार द्वारा 50 प्रतिशत अनुदान प्रदान किया जाता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस योजना का लाभ सीधे पात्र लाभार्थियों को मिलना चाहिए।
-