कासगंज।माता पूर्णागिरि का मेला चल रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने टनकपुर से कासगंज तक मेला स्पेशल ट्रेन चलाने की तैयारी 6 मार्च से 30 जून तक की है। शुक्रवार सुबह स्पेशल ट्रेन को जंक्शन से चलाई जाएगी। स्पेशल ट्रेन के संचालन से यात्रियों को सस्ते व आसान सफर का लाभ मिलेगा।मेले में माता के दर्शन के लिए प्रतिवर्ष काफी संख्या में श्रद्धालु कासगंज जंक्शन से टनकपुर के लिए रवाना होते हैं। रेलवे ने हर्ष की तरह मेला स्पेशल ट्रेन चलाने की तैयारी की है। आगरा , फिरोजाबाद, एटा, अवागढ़, टूंडला, शिकोहाबाद, सिकंदरा राऊ, अगसौली सहित अन्य स्थानों से जाने वाले श्रद्धालु जंक्शन पर पहुंचते हैं। इसके बाद वह जंक्शन से ट्रेन से टनकपुर के लिए रवाना होते हैं। श्रद्धालु 225 किलोमीटर की यात्रा 55 रुपये में कर सकेंगे। यह ट्रेन सुबह 4:35 बजे जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर 5 से टनकपुर के लिए रवाना होगी। इसके बाद सोरोंजी, उझानी, बदायूं, बरेली, इज्जतनगर, भोजीपुरा, खटीमा, बनवास होते हुए दोपहर 12:15 बजे टनकपुर पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन टनकपुर से दोपहर 1:10 बजे चलेगी और रात 8 बजे कासगंज जंक्शन पर पहुंचेगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक इज्जतनगर संजीव शर्मा ने बताया कि माता पूर्णागिरि मेला के लिए स्पेशल ट्रेन कासगंज जंक्शन से टनकपुर के मध्य चलाई गई। इस ट्रेन का संचालन 6 मार्च से 30 जून तक किया जाएगा।