संवाद न्यूज एजेंसी
ढोलना। गांव हयातगढ़ी में शनिवार रात पारिवारिक कलह में 40 वर्षीय जंग बहादुर पुत्र गयाप्रसाद ने फांसी लगाकर जान दे दी। छोटे भाई के खाली मकान में शव फंदे पर लटका मिलने से परिवार में कोहराम मच गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।
जंग बहादुर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजन के अनुसार, शनिवार शाम किसी बात को लेकर उसका पत्नी सोमवती से विवाद हुआ था। रात में परिवार के सभी लोग खाना खाकर सो गए। इसी दौरान जंग बहादुर घर से निकलकर पास ही स्थित अपने छोटे भाई के खाली पड़े मकान में चला गया।
रात करीब 11 बजे जब पत्नी सोमवती उसे तलाशते हुए वहां पहुंची तो उसका शव कुंदे से अंगोछे के सहारे लटका देख उसकी चीख निकल गई। शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पांच बेटियों के सिर से उठा साया
घटना के बाद से पत्नी सोमवती का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे पांच बेटियां वर्षा (15), पूजा (13), भूरी (10), रोशनी (7) और एक अन्य पुत्री को रोता-बिलखता छोड़ गया है।
वर्जन
- शव का पोस्टमार्टम कराया है। युवक की मौत के मामले में परिजन व ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। - आंचल चौहान, सदर सीओ