महाशिवरात्रि पर्व पर भगवान शिवशंकर का कांवड़ के जल से अभिषेक करने के लिए बड़ी संख्या में कांवड़िये तीर्थनगरी के लहरा गंगाघाट पर पहुंच रहे हैं। आस्था की डगर पर संकल्प की कांवड़ उठा रहे हैं। कांवड़ियों की टोलियां लगातार लहरा गंगाघाट से गंतव्य की ओर रवाना हो रही हैं।
तीर्थनगरी सोरोंजी के लहरा गंगाघाट पर शिवभक्त कांवड़ियों की जबरदस्त भीड़ का सैलाब बना हुआ है। लाखों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का गंगाजल से अभिषेक करने के लिए कांवड़ भरने पहुंचे हैं। चारों ओर भोले की जय जयकार सुनाई दे रही है।
विज्ञापन
लहरा गंगाघाट के अलावा तीर्थनगरी सोरोंजी में कांवड़ बाजार गुलजार है। बड़ी संख्या में कांवड़िये कांवड़ के सामान की खरीदारी कर रहे हैं। लहरा तिराहा, कासगंज गेट इलाके में कई किलोमीटर तक कांवड़ के साज सज्जा के सामान की दुकानें लगी हुई हैं। कांवड़ लेन में होकर कांवड़ियों की अनवरत कतारें गुजर रही हैं। जगह जगह श्रद्धालु भंडारे लगाकर कांवड़ियों की सेवा कर रहे हैं।
जिलाधिकारी प्रणय सिंह, एसपी अंकिता शर्मा सहित जिले के प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी, यातायात पुलिस व बाहरी जनपदों से पहुंचे पुलिसकर्मी श्रद्धा और आस्था के पर्व की व्यवस्थाएं बनाने में जुटे हैं। लगातार लहरा गंगाघाट से लेकर कासंगज नदरई तिराहे तक 20 से 25 किलोमीटर लंबी कतारों में कांवड़िये निकल रहे हैं। जितने कांवड़िये कांवड़ लेकर जा रहे हैं उतने की कांवड़िये लगातार वाहनों से कांवड़ भरने पहुंच रहे हैं।