सहावर। रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार सुबह एक एलआईसी एजेंट सुरेश बाबू (50) पुत्र रतनलाल की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। प्रथम दृष्टया पुलिस इस घटना को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है। दूसरी ओर कासगंज जंक्शन पर भी एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे रेलवे किलोमीटर संख्या 226/14-15 के बीच गाड़ी संख्या 55342 की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि शरीर दो हिस्सों में बंट गया।
सूचना मिलने पर गंजडुंडवारा जीआरपी चौकी से शिवाकांत तिवारी और प्रदीप सिंह मौके पर पहुंचे। तलाशी के दौरान जेब से मिले कागजात और लिखे गए फोन नंबरों के जरिये मृतक की शिनाख्त हुई।
मूल रूप से सहावर थाना क्षेत्र के गांव नाथूपुर निवासी सुरेश बाबू वर्तमान में कासगंज की अंबिकापुर कॉलोनी में रहकर एलआईसी एजेंट का कार्य कर रहे थे। जीआरपी थाना प्रभारी कोमल कुंतल ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।