फोटो08 गंजडुंडवारा की ग्राम पंचायत नवाबगंज नगरिया में स्कूल जाने वाले मुख्य मार्ग पर कीचड़-जल
गंजडुंडवारा। ग्राम पंचायत नवाबगंज नगरिया में स्कूल जाने वाला मुख्य मार्ग बदहाल है। हल्की बारिश होते ही सड़क पर जलभराव और कीचड़ फैल जाता है। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण, अतिक्रमण हटाने और जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।
ग्राम पंचायत नवाबगंज नगरिया में फूल सिंह बघेल के घर से नवाबगंज नगरिया विद्यालय तक जाने वाला मुख्य मार्ग लंबे समय से बदहाल पड़ा है। कच्ची सड़क पर गहरे गड्ढे हैं और हल्की बारिश होते ही पूरा रास्ता कीचड़ और जलभराव से भर जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग के दोनों ओर अतिक्रमण कर कूड़े और गंदगी के ढेर लगा दिए गए हैं। बरसात का पानी सड़क पर जमा होकर दलदल का रूप ले लेता है और पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मार्ग का शीघ्र निर्माण कराया जाए। जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ताकि बच्चों और ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।
ग्रामीणों की बातचीत :
इस सड़क को बनवाने के लिए कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई कुछ नहीं हुआ। यह मार्ग बच्चों और ग्रामीणों के लिए बेहद जरूरी है, इसलिए इसका जल्द निर्माण कराया जाना चाहिए। - बहादुर
हल्की बारिश में ही सड़क दलदल बन जाती है। छोटे-छोटे बच्चे गिरते-पड़ते स्कूल पहुंचते हैं। यदि समय रहते सड़क नहीं बनी तो तेज बारिश के दौरान बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो जाएगा। - गुड्डू गुप्ता