कासगंज। गन्ना किसानों को केवल फसल उत्पादन और भुगतान तक सीमित न रखकर अब उन्हें सामाजिक सुरक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। इसी क्रम में 6 से 11 जुलाई तक सहकारी गन्ना विकास समितियों में विशेष सामाजिक सुरक्षा महाअभियान चलाया जाएगा। जिले के लगभग 6500 किसान परिवारों को इसका लाभ मिलेगा।
जिला गन्ना अधिकारी ओउम प्रकाश सिंह ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों की आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करना और उन्हें भविष्य के लिए सामाजिक सुरक्षा कवच प्रदान करना है। सहकारी गन्ना विकास समितियों को इस अभियान का प्रमुख केंद्र बनाया गया है, ताकि किसान एक ही स्थान पर सभी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकें।
इस दौरान किसानों और उनके परिवारों का प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना सहित केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं में नामांकन कराया जाएगा।
अभियान के तहत प्रत्येक समिति परिसर में बैंक, इफको, चीनी मिलों तथा अन्य सहयोगी संस्थाओं के सहयोग से विशेष सहायता एवं नामांकन काउंटर स्थापित किए जाएंगे। यहां किसानों को योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी, बैंकिंग सहायता और तत्काल नामांकन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही नए सदस्य पंजीकरण, बैंक खाते खुलवाने और अन्य जरूरी सेवाएं भी मौके पर ही प्रदान की जाएंगी।
महिला स्वयं सहायता समूहों की भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है, जिससे ग्रामीण महिलाओं को बीमा और पेंशन योजनाओं से जोड़कर उनके सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा। गन्ना पर्यवेक्षक, समिति सचिव और विभागीय अधिकारी गांव-गांव जाकर किसानों को योजनाओं की जानकारी देंगे और अधिक से अधिक पात्र परिवारों का नामांकन सुनिश्चित करेंगे। अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए ग्राम सभाओं, किसान गोष्ठियों, पोस्टर, बैनर और सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जाएगा।