फोटो-31 पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल की मंडलीय समिति की बैठक में मौजूद एटा सांसद देवेश शाक
- फोटो : File Photo
सोरोंजी। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल की मंडलीय समिति की बैठक में एटा-कासगंज लोकसभा सांसद देवेश शाक्य ने सोरोंजी शूकरक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर रामनगर-बांद्रा एक्सप्रेस के ठहराव की मांग प्रमुखता से उठाई। उन्होंने कहा कि तीर्थ नगरी सोरोंजी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ट्रेन के ठहराव से तीर्थयात्रियों के साथ-साथ स्थानीय यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
यांत्रिक कारखाना प्रबंधक कार्यालय के सभागार में आयोजित बैठक में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने प्रमुख विभागाध्यक्षों, इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा, शाखा अधिकारियों तथा रेलवे क्षेत्र के सांसदों एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान सांसद देवेश शाक्य ने कहा कि एटा-कासगंज नई रेललाइन निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र की रेल संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी और विकास को गति मिलेगी। इसके अलावा उन्होंने रेलवे अंडरपास में बरसात के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए प्रभावी जलनिकासी व्यवस्था विकसित करने का भी प्रस्ताव रखा। उन्होंने ने कहा कि सोरोंजी शूकरक्षेत्र की धार्मिक एवं पर्यटन दृष्टि से विशेष पहचान है। ऐसे में रामनगर-बांद्रा एक्सप्रेस का यहां ठहराव होने से श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम होगी और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। बैठक में रेलवे अधिकारियों ने सांसद की ओर से दिए गए सुझावों पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।