वित्तीय वर्ष 2025-26 का अंतिम दिन जिले के लिए कई महत्वपूर्ण सौगात लेकर आया। तीर्थनगरी में हरि की पौड़ी के सौंदर्यीकरण के 15.31 करोड़ रुपये के मेगा प्रोजेक्ट को शासन ने स्वीकृत करते हुए 7.55 करोड़ की धनराशि की पहली किस्त जारी कर दी है। यह धन पर्यटन विभाग को मिल चुका है। वहीं, जिले में 27 सड़कों के 16.30 करोड़ के प्रस्ताव स्वीकृत करते हुए 7.83 करोड़ रुपये जारी किए हैं। दोनों ही विकास कार्यों के लिए 31.61 करोड़ रुपये शासन से मिले हैं। जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने इन प्रस्तावों पर बातचीत करते हुए विस्तृत जानकारी दी।
अयोध्या और काशी की तर्ज पर बदलेगा घाटों का स्वरूप
कासगंज। सोरोंजी तीर्थनगरी के लिए वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन शासन ने हरि की पौड़ी के विकास व सौंदर्यीकरण के लिए मंजूरी देते हुए 7.55 करोड़ की धनराशि पर्यटन विभाग को जारी कर दी है। देवशैली में न केवल तीर्थनगरी के घाटों का विकास होगा बल्कि हरि की पौड़ी के घाट की दुकानों को भी एक रंगरूप दिया जाएगा। अयोध्या और काशी की तर्ज पर तैयार किए गए इस प्रोजेक्ट पर शीघ्र कार्य शुरू होगा।
डीएम प्रणय सिंह ने कहा कि तीर्थनगरी के विकास का जिले से यह मेगा प्रोजेक्ट शासन को गया था। इस प्रोजेक्ट के लिए शासन में पैरवी की गई। इसका अच्छा परिणाम सामने आया है। 15.31 करोड़ के इस प्रोजेक्ट में शासन ने 7.55 करोड़ की पहली किस्त जारी कर दी है। डीएम ने बताया कि हरि की पौड़ी का विकास विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा। उन्होंने बताया कि इस प्रस्ताव के अंतर्गत देवशैली में हरि की पौड़ी के घाट तैयार होंगे। उनकी छतरियों पर निर्माण होगा। प्रकाश व्यवस्था पर विशेष कार्य किया जाएगा। फव्वारे, चेंजिंग रूम, शौचालय, वराह मंदिर क्षेत्र में फोकस वॉल बनाई जाएगी। यह वॉल दस-दस स्थानों पर बनेगी। इसमें भगवान वराह से जुड़ी लीलाएं प्रदर्शित होंगी। तीर्थयात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं भी मिलेंगी। यह परियोजना क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ राेजगार के अवसर सृजित करेगी। जिलाधिकारी ने बताया कि निर्माण और विकास कार्य के लिए सी एंड डीएस को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है।
जिले की सड़कों का निर्माण 16.30 करोड़ रुपये से होगा
कासगंज। जिले में सड़कों की संरचना को सुदृढ़ बनाने के लिए योगी सरकार ने 27 मार्गों के निर्माण के लिए 16.30 करोड़ रुपये की परियोजनाओं काे मंजूर करते हुए 7.83 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की है। लोक निर्माण विभाग इन सड़क परियोजनाओं पर सड़क निर्माण का कार्य करेगा। सर्वाधिक परियोजनाएं सदर विधानसभा क्षेत्र की स्वीकृत हुई हैं। इसके अलावा अमांपुर व पटियाली विधानसभा की परियोजनाएं शामिल हुई हैं।
जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने बताया कि विधानसभा अमांपुर की 4 करोड़़ 38 लाख 87 हजार मात्र लागत के परियोजना स्वीकृत की गई है। विधानसभा कासगंज की 9 करोड़ 54 लाख 82 हजार मात्र लागत के परियोजना स्वीकृत की गई है। विधानसभा पटियाली 2 करोड़ 36 लाख 82 हजार मात्र लागत के परियोजना स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि इन सभी मार्गों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी। इससे किसानों को अपने कृषि उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में सहूलियत मिलेगी, साथ ही छात्रों, मरीजों एवं आम नागरिकों को भी आवागमन में राहत मिलेगी। इस महत्वाकांक्षी योजना के माध्यम से जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ किया जाएगा, जिससे आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी और क्षेत्र के लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार होगा। यह पहल जनपद के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।