कासगंज। जिले में यूरिया का भरपूर स्टॉक मौजूद है। बावजूद इसके किसान महंगी खाद खरीदने को मजबूर है। इसके पीछे का बड़ा कारण समितियों पर समय से यूरिया न पहुंचना है। अमर उजाला की पड़ताल में सामने आया कि सिढ़पुरा, गंजडुंडवारा और पटियाली की सहकारी समितियों पर मंगलवार को यूरिया उपलब्ध नहीं होने के कारण वितरण नहीं हो सका। खेप आने के बाद बुधवार से वितरण किया जाएगा।
जिले में यूरिया के आंकड़ों की बात करें तो दिसंबर माह में यूरिया वितरण का निर्धारित लक्ष्य 8464 मीट्रिक टन है। इसमें से 6986 मीट्रिक टन यूरिया का वितरण किया जा चुका है, जबकि 3821 मीट्रिक टन यूरिया का स्टॉक मौजूद है। बावजूद इसके किसान को यूरिया के लिए सहकारी समितियों पर घंटों लाइन में लगकर परेशान होना पड़ रहा है। इसके पीछे की पहली वजह है, यूरिया का समय से सहकारी समितियों तक नहीं पहुंचना। दूसरी वजह, फार्मर रजिस्ट्री वाले और समिति के सदस्य किसानों को यूरिया वितरण का नया प्रावधान। ऐसे में आम किसानों को इसके बिना समिति पर लाइनों में लगने के बावजूद यूरिया नहीं मिल पा रही है।
अमर उजाला की टीम ने यूरिया की किल्लत को लेकर मंगलवार को कई सहकारी समितियों पर पहुंचकर पड़ताल की तो पता चला कि अधिकांश समितियों पर यूरिया उपलब्ध नहीं है। यूरिया की खेप पहुंचने के बाद उन पर बुधवार से वितरण शुरू होने की बात कही गई।
टीम सबसे पहले सिढ़पुरा पहुंची तो वहां इफ्को सेंटर एटा रोड पर यूरिया उपलब्ध नहीं मिली। सरावल के इफ्को सेंटर पर भी यूरिया उपलब्ध नहीं मिली। क्षेत्रीय सहकारी समिति खरगातीपुर के सचिव मनोज ने बताया कि बुधवार को यूरिया की खेप आने वाली है। उसके बाद वितरण किया जाएगा।
इसके बाद टीम गंजडुंडवारा की सहकारी समिति पहुंची तो वहां भी यूरिया उपलब्ध नहीं मिली। समिति के सचिव राजकुमार सोलंकी ने बताया कि यूरिया खाद बुधवार तक आ जाएगी। इफको सेंटर पर यूरिया मौजूद है और वितरण होता मिला। क्षेत्रीय सहकारी समिति मोहल्ला घासी के सचिव सुधीर बघेल ने बताया कि यूरिया खाद नहीं है। बुधवार तक यूरिया आ जाएगी।
टीम अमांपुर पहुंची तो सहकारी समिति नादरमई पर यूरिया का वितरण होता मिला। समिति के सचिव कर्मवीर ने बताया कि नवंबर माह से अब तक 164 मीट्रिक टन यूरिया का वितरण किया जा चुका है।
इसके बाद टीम पटियाली की अलीगंज रोड स्थित सहकारी सीमित पर पहुंची। सचिव धर्मेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि 500 बोरी यूरिया की खेप आ गई है। इसका वितरण किसानों को बुधवार से किया जाएगा।