कासगंज। मौसी के शादी समारोह में शामिल होने गया मासूम खेलते समय खौलते दूध में गिरकर बुरी तरह से झुलस गया। परिजन उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार से संतुष्टि न मिलने पर परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए बरेली ले गए हैं।
ढोलना थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर निवासी कुंवरपाल पत्नी मोहरश्री के साथ साली की शादी में शामिल होने मंगलवार को थाना सिढ़पुरा के गांव भोगपुर गए थे। 7 मई को साली की शादी है। घर के सभी लोग तैयारियां के अलावा कामकाज में व्यस्त थे। उनका 18 माह का पुत्र कार्तिक खेल रहा था। खेलते-खेलते वह पास रखे खौलते दूध के भगोने में गिरकर झुलस गया। बच्चे की चीख सुनकर परिजन उसे सीएचसी सिढ़पुरा लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में मासूम का उपचार चल रहा था, लेकिन बुधवार को कार्तिक के पिता कुंवरपाल उपचार से संतुष्ट नहीं दिखे। इसके बाद उन्होंने चिकित्सकों से रेफर करने के लिए कहा। परिजन की मांग पर कार्तिक को बरेली के एक निजी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। चिकित्सक के मुताबिक, मासूम 25 फीसदी से अधिक झुलसा है। पिता कुंवरपाल ने बताया कि वह अपने बच्चे को बरेली लेकर जा रहे हैं।