फोटो44जिले में आने वाले विज्ञान वाहन का फोटो। स्रोत:विज्ञान क्लब
कासगंज। आईआईटी कानपुर द्वारा निर्मित विज्ञान बस 27 अप्रैल को जिले में आएगी। इस बस में विज्ञान से जुड़े आधुनिक उपकरण होंगे, जिनके माध्यम से छात्र वैज्ञानिक प्रयोगों से परिचित होंगे और उनका उपयोग करना सीखेंगे। जिले की तीनों तहसीलों में 15 दिनों तक बस के भ्रमण की कार्य योजना तैयार की गई है।जिला विज्ञान क्लब समन्वयक डाॅ. जयंत कुमार गुप्ता ने बताया कि बस में विज्ञान के उपकरण जैसे ऑप्टीकल बैंच, मीटर ब्रिज, माइक्रोस्कोप, बर्नियर कैलीपर्स, स्कूगेज, मैगनेटिक स्टिरर उपलब्ध रहेंगे। इसके अतिरिक्त टेलीस्कोप और थ्रीडी प्रिंटर की व्यवस्था भी की गई है, ताकि छात्रों में वैज्ञानिक रुचि और नवाचार की प्रेरणा बढ़े।बस जिले की तीनों तहसीलों और सातों ब्लॉकों में भ्रमण करेगी। इससे विद्यार्थियों में ज्ञानार्जन, नवाचार और नवीन जिज्ञासाओं का विकास होगा। भ्रमण की तिथियां अनुमोदन के लिए शासन को भेज दी गई हैं। विज्ञान बस का संचालन विद्यार्थियों के लिए निशुल्क किया जाएगा। इस बस काे विज्ञान के उपकरण एवं साज सज्जा कानपुर आईआईटी के द्वारा की गई है। जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जागरूकता उत्पन्न करना है।