कासगंज। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष-2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के परिणाम से पहले छात्रों और अभिभावकों के लिए अहम चेतावनी जारी की है। परिषद ने कहा है कि परीक्षार्थियों को साइबर अपराधियों के झांसे में नहीं आना चाहिए, जो फोन कॉल, मैसेज या ईमेल के जरिए अंक बढ़ाने का झूठा वादा कर सकते हैं।जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश प्रसाद शुक्ला ने बताया कि पिछले वर्षों के अनुभवों के आधार पर परिषद से अलर्ट जारी किया है। कई बार ठग छात्रों और अभिभावकों को गुमराह कर चुके हैं। ये साइबर अपराधी यह दावा करते हैं कि उनके पास बोर्ड के मुख्य डेटाबेस तक पहुंच है और कभी-कभी परिषद के कर्मचारियों के नाम का गलत इस्तेमाल कर अपनी विश्वसनीयता दिखाते हैं। परिषद ने साफ किया है कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दोषियों पर सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) और भारतीय दंड संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जाएगा।बोर्ड ने परीक्षार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या ईमेल पर विश्वास न करें। परिषद कभी भी व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर अंक बढ़ाने जैसी कोई बात नहीं करता। साथ ही, अपनी निजी जानकारी जैसे रोल नंबर, बैंक डिटेल्स या अन्य संवेदनशील जानकारी किसी के साथ साझा न करें।