-जिले में 1.37 लाख प्रीपेड बिजली उपभोक्ता
-रिचार्ज न कराने पर 80 प्रतिशत उपभोक्ताओं की कट सकती है सप्लाई
संवाद न्यूज एजेंसी
कासगंज। जिले में पुराने मीटरों की जगह लगाए गए स्मार्ट मीटरों पर शुक्रवार से स्मार्ट प्रीपेड व्यवस्था लागू हो जाएगी। इस व्यवस्था के तहत जिन उपभोक्ताओं के खाते में बैलेंस शून्य होगा, उनके यहां बिजली आपूर्ति स्वतः बंद हो जाएगी। जनपद में 1.37 लाख से अधिक उपभोक्ताओं के यहां प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं।
जिले में कुल 1,88,011 उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य मिला था। इनमें से अब तक 1,37,306 उपभोक्ताओं के घर प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं को उतनी ही बिजली मिलेगी, जितना वो रिचार्ज कराएंगे। अगर बैलेंस खत्म हो जाता है तो आपूर्ति स्वतः बंद हो जाएगी। रिचार्ज या भुगतान करने के बाद ही बिजली आपूर्ति फिर से चालू होगी। नई व्यवस्था लागू होने के बाद जिले के करीब 80 प्रतिशत उपभोक्ताओं की बिजली कटने की आशंका है। अधिशासी अभियंता राहुल वर्नवाल ने बताया कि जिले में 1,37,306 उपभोक्ताओं के यहां प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं। यदि उपभोक्ता के खाते में बैलेंस खत्म हो जाता है तो बिजली आपूर्ति स्वतः बंद हो जाएगी। वहीं रिचार्ज करने पर मोबाइल की तर्ज पर बिजली दोबारा चालू भी हो जाएगी। शुक्रवार से यह व्यवस्था पूरे जिले में लागू कर दी जाएगी।
डिजिटल माध्यम से भुगतान कर सकेंगे उपभोक्ता
कासगंज। उपभोक्ता बिजली बिल का भुगतान डिजिटल माध्यम से ऑनलाइन कर सकेंगे। इसके लिए यूपीपीसीएल की वेबसाइट, मोबाइल एप, भीम, फोनपे, गूगल पे सहित अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए भुगतान किया जा सकता है। समय पर बिल का भुगतान करने पर उपभोक्ताओं को छूट का भी लाभ मिलेगा।