बारिश के बाद भरभरा गिरा मकान । संवाद
गंजडुंडवारा। थाना सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के भरतपुरा में लगातार बारिश के चलते रविवार रात एक पक्का मकान गिर गया। हादसे में घर में रखा गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर खराब हो गया। परिवार के लोग समय रहते दूसरे मकान में चले गए थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
भरतपुरा निवासी रामकिशोर पुत्र कुमरपाल का मकान गांव के पश्चिमी छोर पर सड़क के पास स्थित है। रविवार शाम करीब 6 बजे मकान की छत से मलबा गिरने लगा। यह देखकर परिवार के सदस्य पास के दूसरे मकान में चले गए।
रात करीब 10:30 बजे तेज आवाज के साथ पूरा मकान ढह गया। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिवार से जानकारी ली। रामकिशोर के अनुसार, मलबे में चारा काटने की मशीन, चारपाई समेत गृहस्थी का अन्य सामान दब गया।
-
हादसे की जानकारी मिलने पर सोमवार को लेखपाल को गांव भेजकर क्षति का आकलन कराया गया। शासन के निर्देशानुसार पीड़ित परिवार की मदद की जाएगी। -सुशांत सांवरे एसडीएम पटियाली