कासगंज। मौसम के लगातार बदलते मिजाज का असर अब लोगों की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है। कभी तेज धूप तो कभी बारिश और उमस के बीच वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इसका असर शनिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में भी देखने को मिला, जहां इलाज के लिए मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं।
शनिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 1416 मरीज पहुंचे। इनमें 290 बुखार, 231 सांस संबंधी समस्याओं और 84 डायरिया के मरीज शामिल रहे। इसके अलावा सर्दी, खांसी, गले में खराश, शरीर दर्द और कमजोरी जैसी शिकायतों के साथ भी बड़ी संख्या में लोग उपचार कराने पहुंचे।
मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच गंभीर हालत वाले 20 मरीजों को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। चिकित्सकों का कहना है कि मौसम में बार-बार हो रहे बदलाव से वायरल संक्रमण, श्वसन रोग और पेट संबंधी बीमारियों के मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे मौसम में बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
डॉक्टरों ने लोगों को स्वच्छ भोजन और उबला या शुद्ध पानी पीने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क रहने तथा बुखार, खांसी या सांस लेने में परेशानी होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी है।
वायरल के प्रमुख लक्षण
-तेज या हल्का बुखार।
-सर्दी, खांसी और गले में खराश।
-शरीर व सिर में दर्द।
-कमजोरी और थकान महसूस होना।
-सांस लेने में तकलीफ या सीने में जकड़न।
-उल्टी-दस्त या डायरिया।
-भूख कम लगना और पानी की कमी होना।
बचाव के लिए बरतें ये सावधानियां
-उबला या शुद्ध पानी ही पिएं।
-ताजा और स्वच्छ भोजन करें, बाहर का कटे फल व खुले खाद्य पदार्थ खाने से बचें।
-हाथों को साबुन से बार-बार धोएं और व्यक्तिगत स्वच्छता रखें।
-बारिश में भीगने के बाद तुरंत सूखे कपड़े पहनें।
-भीड़भाड़ वाले स्थानों में जरूरत पड़ने पर मास्क का उपयोग करें।
-बुखार, खांसी या सांस लेने में परेशानी होने पर स्वयं दवा न लें, चिकित्सक से तुरंत परामर्श करें।।
-बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखें तथा पर्याप्त पानी पीते रहें।
वर्जन
इस समय वायरल का प्रकोप चल रहा है। इस मौसम में सावधानी की आवश्यकता है। लापरवाही खतरनाक हो सकती है- डॉ. संजीव सक्सेना, सीएमएस