फोटो15अरनव वेलौटिया,क्रिकेट खिलाड़ी।स्रोत:स्वयं
कासगंज। यूपी अंडर-14 क्रिकेट टीम के होनहार बल्लेबाज अरनव बेलोटिया ने लगातार अपनी बल्लेबाजी से कमाल दिखाया है। मध्य प्रदेश के इंदौर में चल रही राजसिंह डूंगरपुर ट्रॉफी के तीसरे मुकाबले में मध्यप्रदेश की टीम के खिलाफ शतक जड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। कप्तान की पारी से टीम को महत्वपूर्ण अंक मिले।
कप्तान के रूप में जिम्मेदारी निभाते हुए अरनव ने ओपनिंग बल्लेबाज के रूप में 130 रनों की दमदार पारी खेली। यूपी टीम ने 90 ओवर के मैच में 9 विकेट खोकर 406 रन बनाए। जवाब में मध्य प्रदेश की टीम 174 रनों पर सिमट गई। दूसरी पारी में यूपी की टीम ने 94 रन बनाए। मैच ड्रॉ रहा, लेकिन पहली पारी के आधार पर यूपी को महत्वपूर्ण अंक हासिल हुए।
लगातार तीन मैचों में शतकीय पारी खेलकर अरनव ने साबित कर दिया है कि वह केवल शानदार बल्लेबाज ही नहीं, बल्कि टीम का भरोसेमंद स्तंभ भी हैं। उनकी तकनीक, संयम और आक्रामक खेल ने टीम को हर मुकाबले में आत्मविश्वास दिया।
इस प्रदर्शन से जिले में खेल प्रेमियों और परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई है। अरनव के दादा रामपाल ने बताया कि परिवार और गांव वाले उनके इस प्रदर्शन पर गर्व महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा हम सभी की उम्मीदें अरनव से बड़ी हैं। उसके खेल ने यूपी टीम को ट्रॉफी की राह में मजबूत बना दिया है
यूपी टीम का अगला मुकाबला 24 और 25 जनवरी को छत्तीसगढ़ की टीम के खिलाफ होगा। अरनव के बल्ले पर सभी की निगाहें होंगी और उम्मीद की जा रही है कि उनका जादू इसी तरह टीम के लिए परिणाम लाता रहेगा।