कासगंज। गोरखपुर-साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन में जनरल का टिकट लेकर एसी में सफर कर यात्री का चेकिंग के दौरान टीटी से विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान यात्री ने टीटी का अंगूठा दांतों से काट लिया। मामले में टीटी ने आरोपी के खिलाफ जीआरपी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। जीआरपी ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
गोरखपुर से साबरमती जा रही एक्सप्रेस ट्रेन के एसी कोच में सोमवार की शाम करीब 4:44 बजे गंजडुंडवारा रेलवे स्टेशन से इकबाल निवासी मौहल्ला बगइया थाना कंपिल जिला फर्रुखाबाद सवार हुआ।
ट्रेन के कासगंज की ओर रवाना होने के कुछ देर बाद टीटी मनोज चौहान कोच में टिकट चेक करने पहुंचे। उन्होंने उससे टिकट मांगा तो उसने जनरल टिकट थमा दिया। इस पर टीटी ने उसे जनरल कोच में जाने के लिए कहा।
टीटी का आरोप है कि उसने एसी कोच से जाने से मना कर दिया और झगड़ा करने लगा। आरोपी ने टीटी का दांतों से अंगूठा चबा लिया। इससे वह घायल हो गए। कोच में सवार यात्रियों ने इसकी सूचना फोन कर पुलिस दी। ट्रेन के शाम करीब 5:26 बजे कासगंज जंक्शन पहुंचने पर कोच में भीड़ एकत्रित हो गई।
वर्जन
-साबरमती एक्सप्रेस में यात्री जनरल का टिकट लेकर एसी कोच में सफर कर रहा था। मना करने पर उसने टीटी का अंगूठा काट लिया। वह गंजडुंडवारा से ट्रेन में सवार होकर गुजरात के मेहसाना जा रहा था। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। -कोमल कुंतल,थानाध्यक्ष जीआरपी कासगंज