फोटो26सोरोंजी के गांव नगला रामंचद्र में मकान पर लगाई गई नंबर प्लेट ।स्रोत:प्रधान प्रतिनिधि
कासगंज। ग्रामीण इलाकों में इन दिनों ठगों का एक नया गिरोह सक्रिय है, जो ग्रामीणों से मकान पर नंबर प्लेट लगाने के नाम पर ठगी कर रहा है। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत जिला पंचायत राज अधिकारी से की है।
ग्राम प्रधान के पति हेम सिंह ने बताया कि करीब एक माह पहले कुछ अज्ञात लोग खुद को सरकारी कर्मचारी बताकर गांव आए। उन लोगों ने ग्रामीणों को डराया कि यदि उन्होंने अपने मकानों पर नंबर प्लेट नहीं लगवाई तो उनका राशन कार्ड निरस्त कर दिया जाएगा। इतना ही नहीं, आवास, शौचालय और पेंशन जैसी महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं का लाभ भी बंद हो जाएगा। उन्होंने बताया कि वे लोग ग्रामीणों को डराकर नंबर प्लेट के नाम पर प्रति व्यक्ति 50 रुपये वसूलने लगे। डर के मारे करीब 80 ग्रामीणों ने उन्हें पैसे दे दिए। इसके बदले में ठगों ने एक साधारण नंबर प्लेट और 50 रुपये की रसीद थमा दी। जब मामला संदिग्ध लगा तो ग्रामीणों ने इसकी शिकायत जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) देवेंद्र सिंह से की। इस पर जिला पंचायत राज विभाग सतर्क हो गया।
डीपीआरओ ने बताया कि मकान पर नंबर प्लेट लगवाने के लिए किसी भी प्रकार की वसूली का कोई आदेश नहीं है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति इस तरह का डर दिखाकर पैसे मांगता है तो उसकी सूचना तत्काल ब्लॉक कार्यालय व पुलिस को दें। ऐसे लोगों के झांसे में न आए। ठगी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।