सहावर (कासगंज)। डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर मंगलवार को गांव चहका गुनार में शोभायात्रा के रास्ते को लेकर बवाल हो गया। यादव समाज के लोगों ने गली में ट्रैक्टर, थ्रेशर और अन्य वाहन खड़े कर शोभायात्रा का रास्ता रोक लिया। पुलिस ने रास्ता खुलवाने की कोशिश की तो छतों से पथराव शुरू कर दिया। बवाल की सूचना पर डीएम और एसपी कई थानों का फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागकर और हल्का बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा। पुलिस ने 10 से ज्यादा उपद्रवियों को हिरासत में लिया। इसके बाद रात में उसी रास्ते से शोभायात्रा को निकाला गया।
गांव चहका गुनार में मंगलवार दोपहर करीब 2:45 बजे शोभायात्रा शुरू हुई। करीब 3:30 बजे शोभायात्रा चहका की एक गली में पहुंची तो यादव समाज के लोगों ने रास्ता रोककर विरोध शुरू कर दिया। इस पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। पुलिस ने रास्ते की अनुमति होने की बात कहकर वाहनों को हटाने की बात कही तो अराजक तत्वों ने उपद्रव शुरू कर दिया।
देखते ही देखते घरों की छतों से पुलिस पर ईंट-पत्थर चलने लगे। सहावर थाने में तैनात सिपाही अश्वनी मलिक घायल हो गए। सूचना पर एएसपी सुशील कुमार, एडीएम दिग्विजय सिंह, एसडीएम एसएन त्रिपाठी और सीओ सहावर शाहिदा नसरीन कई थानों का फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए। अधिकारी काफी देर तक उपद्रव कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास करते रहे लेकिन करीब डेढ़ घंटे तक पथराव चलता रहा।
शाम करीब 6:10 बजे पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और हल्का बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा। 10 से ज्यादा उपद्रवी हिरासत में लिए गए। कई उपद्रवी घर छोड़कर भाग निकले। रात करीब 7 बजे डीएम प्रणय सिंह और एसपी ओपी सिंह ने गांव पहुंचकर हालात का जायजा लिया। इसके बाद पुलिस ने गली में खड़े वाहनों को हटाकर रास्ता साफ कराया और भारी सुरक्षा के बीच दोबारा शोभायात्रा आगे रवाना हुई।
वर्जन
एक जाति विशेष के असामाजिक तत्वों ने शोभायात्रा रोकने का प्रयास किया। पुलिस के समझाने पर पथराव किया। तब हल्का बल प्रयोग करते हुए कुछ उपद्रवियों को पुलिस हिरासत में लिया गया और शोभायात्रा संपन्न कराई गई।
-ओपी सिंह, एसपी
पिछले साल भी शोभायात्रा इसी मार्ग से निकली थी। इसे रोककर कुछ उपद्रवियों ने पथराव किया। जनहानि न हो इसलिए कुछ देर के लिए शोभायात्रा रोकी। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा और शोभायात्रा निकलवाई। अब स्थिति सामान्य है। फोर्स को तैनात कर दिया गया है।
-प्रणय सिंह, डीएम