कासगंज। आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों और गर्भवती महिलाओं को मिलने वाले फोर्टीफाइड चावल का इंतजार जल्द खत्म होगा। चावल का उठान शुरू हो गया है। यह चावल करीब नौ माह के लंबे अंतराल बाद वितरित होगा। जिले में 2445 आंगनबाड़ी केंद्र हैं। इनके माध्यम से बच्चों और गर्भवती-धात्री महिलाओं को दाल, रिफाइंड, दलिया के साथ फोर्टीफाइड चावल देने की व्यवस्था है। जिले में करीब 213183 बच्चों और लगभग 28879 गर्भवती व धात्री महिलाओं को नियमित रूप से फोर्टीफाइड चावल का वितरण किया जाता है। इसके तहत छह माह से तीन वर्ष तक के बच्चों को प्रतिमाह एक किलो चावल, तीन वर्ष से छह वर्ष तक के बच्चों को प्रतिमाह 500 ग्राम चावल तथा गर्भवती धात्री महिलाओं को एक किलो चावल प्रतिमाह दिया जाता है, ताकि बच्चे और गर्भवती महिलाएं स्वस्थ रह सकें। बजट के अभाव में अप्रैल से चावल की आपूर्ति रुकी है। करीब नौ माह के बाद फोर्टी फाइड चावल की आपूर्ति विभाग को शुरू हो चुकी है। उठान होने के बाद इसका वितरण शुरू होगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी सुशीला का कहना है कि चावल की आपूर्ति शुरू होने के बाद केंद्रों को उठान शुरू हो गया है। केंद्रों से तीन माह के हिसाब से वितरण कराकर सभी को लाभ दिया जाएगा।