फोटो 38 - पैतृक गांव शेखपुरा में मृतक फायरमैन राजेश कुमार को गारद के साथ सलामी देते सीएफओ। स्रो
कासगंज। थाना दरियावगंज स्थित फायर स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान रविवार को फायरमैन राजेश कुमार की हृदय गति रुकने से मौत हो गई थी। एटा जिले स्थित पैतृक गांव में सोमवार को राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी की मौजूदगी में गारद ने उन्हें सलामी दी।
एटा जिले के थाना बागवाला में गांव शेखपुरा निवासी राजेश कुमार (50) पुत्र प्रकाश चंद्र दरियावगंज स्थित फायर स्टेशन पर फायरमैन के पद पर तैनात थे। रविवार सुबह करीब 11 बजे राजेश कुमार के सीने में अचानक तेज दर्द हुआ। हालत बिगड़ने पर साथी उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की सूचना मिलने पर फायर विभाग में शोक की लहर दौड़ गई थी। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को उनका शव पैतृक गांव शेखपुरा पहुंचा तो परिवार में चीत्कार मच गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी आरके तिवारी ने बताया कि गमगीन माहौल में मृतक फायरमैन का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। गारद ने उन्हें सलामी देते हुए अंतिम विदाई दी।