फोटो33श्रीगणेश इंटर कॉलेज में जिला विज्ञान क्लब के जागरूकता कार्यक्रम में एमएलसी राजनी कांत
कासगंज। जिला विज्ञान क्लब की ओर से बुधवार को श्री गणेश इंटर कॉलेज के सभागार में अंधविश्वासों के विरुद्ध वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बिना माचिस हवन कुंड में अग्नि प्रज्वलन, अग्नि स्नान, हवा में भभूत बनाना और पानी से दीप जलाना जैसे प्रयोगों के पीछे के वैज्ञानिक कारणों का खुलासा करके विद्यार्थियों को दिखाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एमएलसी रजनीकांत माहेश्वरी, विधायक सदर देवेंद्र सिंह राजपूत एवं विधायक अमांपुर हरिओम वर्मा ने किया। डीआईओएस जगदीश प्रसाद शुक्ला, जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक डॉ. जयंत कुमार गुप्ता एवं प्रधानाचार्य एचपीएन दुबे ने अतिथियों का बुके, शॉल व स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया। एमजी इंटर कॉलेज, जीजीआईसी एवं श्री गणेश इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता, वैज्ञानिक व्याख्यान एवं पोस्टर पेंटिंग प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रस्तुति दी। राज्य पुरस्कार से सम्मानित प्रयागराज के प्रमोद मिश्रा ने अंधविश्वासों के विरुद्ध विज्ञान आधारित प्रयोग प्रस्तुत किए। उन्होंने बिना माचिस हवन कुंड में अग्नि प्रज्वलन, अग्नि स्नान, हवा में भभूत व मिठाई बनाना, पानी से दीप जलाना, नारियल में जल से आग प्रज्वलित करना, चमत्कारी लौटे का जल समाप्त न होना जैसे प्रयोग दिखाए। इन प्रयोगों के वैज्ञानिक कारणों को समझाते हुए उन्होंने छात्राओं को भ्रम और चमत्कार के बीच का अंतर बताया, जिसे देख छात्राएं अचंभित रह गईं।