बदायूं। बिनावर क्षेत्र के मल्लननगर हाल्ट स्टेशन के पास सोमवार सुबह बरेली से कासगंज जा रही पैसेंजर ट्रेन के इंजन में अचानक आग लग गई। हल्की लपटें दिखाई देने से यात्रियों में अफरातफरी मच गई। खेतों में काम कर रहे लोगों के आवाज देने व इशारा करने पर लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी। दहशत में आए हजारों यात्री ट्रेन से उतर गए। सूचना पर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। हादसे के बाद बरेली-कासगंज रेल लाइन पर तीन पैसेंजर और एक एक्सप्रेस ट्रेन प्रभावित हो गई। तीन घंटे 36 मिनट तक ट्रेनों का आवागमन बंद रहा।
बरेली सिटी-कासगंज पैसेंजर (55328) बरेली सिटी स्टेशन से सोमवार सुबह करीब 7:55 बजे कासगंज के लिए चली। इसके बाद ट्रेन बिनावर थाना क्षेत्र के घटपुर रेलवे स्टेशन 9:03 बजे पहुंची। सुबह 9:11 बजे आगे चली। रास्ते में मल्लननगर हाल्ट से निकलने के बाद ट्रेन के इंजन में अचानक धुआं निकलने लगा। लोको पायलट को इसकी जानकारी नहीं हुई। हाल्ट के आसपास के ग्रामीणों ने ट्रेन के इंजन से धुआं निकलते हुए देखा तो उन्होंने शोर मचाते हुए लोको पायलट को आगाह किया।
लोको पायलट सर्वेश ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक लिया। ट्रेन रोकने के बाद लोको पायलट ने रेलवे कंट्रोल रूम और उच्चाधिकारियों को सूचना दी। ट्रेन के इंजन में आग लगने की भनक लगते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया। ट्रेन रुकते ही यात्री उतर गए। सूचना पर अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। बरेली से रेलवे अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में इंजन में तकनीकी खराबी से आग लगने की आशंका जताई गई है।
-
वर्जन
ट्रेन के इंजन में धुआं निकलने की सूचना मिली। इंजन में निकले धुएं पर जल्द ही काबू पा लिया था। किसी को कोई भी हानि नहीं हुई। ट्रेन के इंजन में धुआं निकलने के कारण की जांच कराई जा रही है। इसके बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
मनोज कुमार, एडीआरएम, पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल