फोटो 24 - पटियाली में अलीगंज रोड पर संदिग्ध डीएपी से भरे वाहनों की जांच करती कृषि विभाग की टीम
कासगंज। पटियाली थाना के अलीगंज रोड पर स्थित बालाजी धाम कटरू के पास कृषि विभाग की टीम ने बिना बिल के डीएपी ले जा रहे वाहनों को पकड़ा है। लोडर वाहनों के बीच अवैध रूप से कृभको डीएपी की बोरियां बदली जा रही थीं।
जांच में प्रथम दृष्ट्या खाद संदिग्ध और नकली प्रतीत होने पर टीम ने स्टॉक को जब्त कर नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं। मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
जिला कृषि अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि 31 अक्तूबर दोपहर वह टीम के साथ पटियाली में निरीक्षण कर लौट रहे थे। दोपहर करीब 3:12 बजे अलीगंज रोड पर एक बिना नंबर के लोडर से दूसरे वाहन में डीएपी की बोरी लादी जा रही थी।
टीम को देखते ही एक चालक मौके से भाग गया जबकि दूसरे वाहन के चालक पुष्पेंद्र कुमार निवासी अशोकपुर, पटियाली और अनूप कुमार निवासी फग्नोल, एटा मौके पर मिले।
पूछताछ में पुष्पेंद्र ने बताया कि यह खाद विष्णु गुप्ता निवासी फग्नोल, एटा की है जिसने इसे कंपिल (फर्रुखाबाद) ले जाने के लिए कहा था। आरोपी मौके पर कोई भी वैध बिल या ई-वे बिल प्रस्तुत नहीं कर सके।
जिला कृषि अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी विष्णु गुप्ता, पुष्पेंद्र कुमार और एक अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ पटियाली थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की आगे की जांच जारी है।